शिक्षा ऋण देने के नाम पर एक छात्र से 11 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़ित छात्र ने भिनगा कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पैसा वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस जांच में जुट गई है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मछरिहिवा निवासी राकेश कुमार मौर्य पुत्र मुनेश्वर प्रसाद ने वर्ष 2015 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह उच्च शिक्षा के लिए बाहर पढ़ना चाहता है। उसके मोबाइल पर कुछ दिन पूर्व गुरुप्रीत सिंह नामक एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसने खुद को दिल्ली के एक फाइनेंस ग्रुप का एजेंट बताते हुए उसे शिक्षा ऋण देने की बात कही थी। छात्र से उसका बायोडाटा अपने ई-मेल आई डी के जरिए मांगा था।
बाद में कागजात तैयार करने के नाम पर गुरुप्रीत ने अपने पंजाब नेशनल बैंक के खाता संख्या 1440000101216909 पर पहले 2200 फिर 4000 व उसके बाद 5000 रुपये जमा करा लिए। फिर दुर्घटना बीमा के नाम पर तीन हजार रुपये मांगे। ऐसा करने पर छात्र के खाते में डेढ़ लाख रुपये भेजने व डेढ़ लाख रुपये का चेक डाक से भेजने की बात कही।
औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद पीड़ित को फूटी कौड़ी नहीं मिली तब राकेश को ठगी का अहसास हुआ। भिनगा कोतवाली प्रभारी राम स्वभाव वर्मा ने कहा कि जांच कर रहे हैं।