मंदबुद्धि युवती से रेप, आरोपी गिरफ्तार
- परिवार के लोग गए थे खेत में काम करने
बहराइच। कोतवाली देहात अंतर्गत एक गांव निवासी परिवार के लोग मंगलवार दोपहर में खेत में काम करने गए थे। घर पर मंदबुद्धि युवती अकेले थी। इसी समय गांव निवासी एक युवक ने घर में घुसकर रेप की वारदात को अंजाम दिया। खेत से लौटने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई तो सभी सकते में आ गए। इस मामले में मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि युवती को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
कोतवाली देहात अंतर्गत एक गांव निवासी ग्रामीण अपनी पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मंगलवार दोपहर में खेत में काम करने गया था। घर पर उसकी 22 वर्षीय मंदबुद्धि बेटी अकेली थी। इसी दौरान गांव निवासी 45 वर्षीय हरीश्याम घर में घुस गया। उसने युवती के मुंह में कपड़ा ठूंसकर रेप की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर लात-घूसों से पीटा। शाम को परिवारीजन घर लौटे तो बेटी को बदहाल हालत में देखकर सकते में आ गए। घटना की जानकारी होने पर परिवारीजनों ने बेटी के साथ थाने पहुंचकर युवक को नामजद करते हुए तहरीर दी है। प्रभारी मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी हरीश्याम को गिरफ्तार कर लिया गया है। जेल भेजा जा रहा है। युवती को चिकित्सीय परीक्षण के लिए महिला पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया है।