बहराइच। पंच पर्व दीपावली पर जिले में लगभग पांच करोड़ के पटाखे छुड़ाए गए। देर रात तक पटाखों की गूंज से वातावरण गुंजायमान रही। वहीं, फुलझड़ियों और सतरंगी हवाइयों से आसमान रोशन रहा। भारी बिक्री से पटाखा व्यवसायियों के चेहरे खिले रहे। दीपावली की देर शाम तक पटाखा बाजार में खरीदारी का दौर चला।
शहर के गेंदघर मैदान स्थित पटाखा बाजार में इस बार 34 अस्थायी और 6 स्थायी दुकानों पर पटाखों की बिक्री का दौर धनतेरस के दिन से शुरू हुआ था। गेंदघर के मैदान में लगे पटाखा बाजार में खरीददारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती रही।
पुस्तैनी पटाखा व्यवसायी ताहिर हुसैन और खालिद ने बताया कि महंगाई के बावजूद धनतेरस से लेकर दीपावली तक 24 घंटे दुकानें खुलीं। लोगों ने जमकर खरीददारी की। गायत्री पटाखा स्टोर के मालिक मनोज गुप्ता ने बताया कि इस बार धनतेरस से नरक चतुर्दशी के बीच खूब बिक्री हुई।
पटाखा बाजार मुख्य बाजार से दूरी पर स्थापित होने से लोगों को कुछ परेशानी भी हुई। यही हाल कस्बों और ग्रामीण अंचलों में स्थापित स्थायी और अस्थाई दुकानों का रहा।
मिहींपुरवा, नानपारा, नवाबगंज, विशेश्वरगंज, रिसिया, मटेरा, कैसरगंज, जरवल, जरवलरोड, महराजगंज, शिवपुर, रामगांव, शंकरपुर, उर्रा, फखरपुर, हुजूरपुर, चरदा, राजीचौराहा, जरवल कस्बा तथा रुपईडीहा में भी पटाखों की जमकर खरीददारी हुई। बच्चे और युवा सबसे ज्यादा सभी उत्साहित रहे।
जिले में लगभग छह सौ अस्थायी और स्थाई दुकानों से करीब पांच करोड़ के आसपास पटाखों की बिक्री का अनुमान लगाया जा रहा है। दीपावली को शाम से ही पटाखों की गूंज सुनाई देने लगी जे देर रात तक जारी रही।