बहराइच में बुधवार को सांसद आवास पर सीबीआई अदालत का फैसला आने के बाद कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाते
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। अयोध्या में ढांचा ढहाए जाने के मामले में आरोपी कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह को अदालत की ओर से बरी किए जाने की सूचना मिलते ही कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। सांसद आवास पर कार्यकर्ताओं को सांसद प्रतिनिधि ने मिठाई बांटी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अदालत के फैसले को जनता के भरोसे का न्याय बताया है।
अयोध्या में ढांचा ढहाए जाने का मामला 28 साल से अदालत में चल रहा था। इस मामले में बुधवार को सीबीआई की विशेष अदालत ने फैसला सुनाया, जिसमें सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया। सांसद कैसरगंज बूजभूषण शरण सिंह भी मुकदमे में आरोपी थे। सांसद को अदालत की ओर से बरी किए जाने की सूचना जिले में पहुंची तो कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। सिविल लाइंस स्थित सांसद आवास पर कार्यकर्ताओं ने आपस में मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की।
सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह ने कहा कि 28 साल से देश की जनता इस फैसले का इंतजार कर रही थी। आज सीबीआई की अदालत ने फैसला सुनाकर जनता के भरोसे को न्याय दिया है। इस बहु प्रतीक्षित फैसले से हर भारतवासी के हृदय में भगवान श्रीराम के प्रति आस्था व विश्वास और प्रगाढ़ होगा। सांसद प्रतिनिधि ने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। इस मौके पर लवकुश रेसलिंग एकेडमी के सचिव महेश सिंह मन्नू, डॉ. बीएल सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कौशलेंद्र प्रताप सिंह, बजरंग सिंह, प्रदीप तिवारी, कमलेश सिंह आदि मौजूद रहे।