बहराइच। तेज रफ्तार बस की टक्कर से बुधवार सुबह सीतापुर जिले के रेउसा इलाके में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। वहीं उनका तीन वर्षीय बेटा घायल हो गया। हादसा रेउसा पुल के पास हुआ। इसमें पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी ने मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
रेउसा के परसा गांव निवासी वीरेंद्र (28) बुधवार सुबह अपनी पत्नी पूनम (26) और तीन वर्षीय बेटे अंश के साथ बाइक से रेउसा बाजार जाने के लिए निकले थे। रेउसा पुल के पास पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार बस से उनकी बाइक में टक्कर लग गई। इससे तीनों घायल हो गए।
स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था कर रहे थे, तभी वीरेंद्र ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल पूनम और अंश को सीएचसी रेउसा ले जाया गया। वहां से पूनम को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने पूनम को मृत घोषित कर दिया।
वीरेंद्र के चाचा सुनील ने बताया कि हादसे में अंश को हल्की चोटें आई हैं। उसका उपचार रेउसा सीएचसी में चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।