मटेरा (बहराइच)। चंदेला कला तेलियनपुरवा गांव निवासी एक ग्रामीण ने गांव के कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक जमीन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की। इससे नाराज हल्का लेखपाल ने पीड़ित पर ही कार्रवाई करते हुए तहसील के लॉकअप में डाल दिया। ग्रामीण 12 दिनों से लॉकअप में बंद है। ऐसे में छुट्टी के बाद ही उसे बाहर आने की उम्मीद है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत चंदेला कला तेलियनपुरवा गांव निवासी लज्जाराम उर्फ कोयली ने एसडीएम को पत्र भेज गांव में स्थित ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की थी। एसडीएम ने लेखपाल से जांच रिपोर्ट तलब की। इससे नाराज तत्कालीन लेखपाल अकील अहमद ने उल्टे पीड़ित पर ही 1580 की कार्रवाई कर तहसील के लॉकअप में बंद करवा दिया।
पीड़ित 12 दिनों से तहसील के लॉकअप में ही बंद है। लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। तहसीलदार के न होने से उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़ित के परिवारीजन जमानत के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। बुधवार को पीड़ित के परिवारीजनों ने डीएम को पत्र भेजकर लेखपाल के विरुद्ध जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही तहसील के लॉकअप से लज्जाराम को छुड़वाने की मांग की है।
बकाये पर हुई कार्रवाई
एसडीएम डॉ. संतोष उपाध्याय ने बताया कि कब्जा की जमीन की शिकायत पर लज्जाराम को लॉकअप में नहीं डाला गया है। उसके ऊपर जुर्माना की 1.40 लाख के आसपास बकाया था। उसी पर कार्रवाई हुई है। परिवार के लोग प्रार्थना स्थिति का हवाला देकर पत्र दें, लज्जाराम को छोड़ दिया जाएगा। शिकायत की बात पर लॉकअप में डालना गलत है। आरोप की जांच कराई जाएगी।