रुपईडीहा (बहराइच)। 103 वर्ष पुराना रुपईडीहा उप डाकघर इन दिनों विवादों में हैं। आरोप है कि रुपईडीहा के एक व्यवसायी ने डाकघर की रजिस्ट्री स्वयं के पक्ष में कराने का हवाला देते हुए पोस्टमास्टर को उप डाकघर खाली करने को कहा है। पोस्टमास्टर ने इस प्रकरण की शिकायत एसएचओ रुपईडीहा और डाक अधीक्षक से की है। उधर, डाक अधीक्षक ने शिकायत मिलने पर मामले की जांच डाक निरीक्षक को सौंप दी है।
गुरुवार को पोस्टमास्टर इंद्रजीत ने डाक अधीक्षक पीके शुक्ला और एसएचओ रुपईडीहा को शिकायतपत्र भेजा है। उन्होंने शिकायत में लिखा है कि एक स्थानीय व्यवसायी यह बता रहे हैं कि उन्होंने डाकघर की रजिस्ट्री करा ली है। उन्होंने कहा कि डाकघर खाली कर दो। हालांकि पोस्टमास्टर इंद्रजीत ने उन्हें ऐसा करने से मना कर दिया है। उन्होंने इस प्रकरण से उच्चाधिकारियों को अवगत भी करा दिया है।
इंद्रजीत ने बताया कि 103 वर्ष पुराना डाकघर है। हमारे उच्चाधिकारी जो कहेंगे, हमें वही करना है। हमने व्यवसायी का नाम और उनकी हरकतों के बारे में अधीक्षक को अवगत करा दिया है। वहीं डाक अधीक्षक पीके शुक्ला ने कहा कि पोस्टमास्टर की शिकायत आई थी। डाक निरीक्षक को मामले की जांच सौंप दी है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई कराएंगे।