बहराइच-सीतापुर मार्ग पर पड़ी गिट्टी।
बौंडी। बहराइच-सीतापुर मार्ग पर बेड़नापुर कस्बे में सड़क चौड़ीकरण का काम पिछले दो महीने से कछुआ की चाल से हो रहा है। ठेकेदार सड़क का एक किनारा खोदकर गायब हो गया, जिससे स्थानीय लोग रोजाना मुश्किलें झेल रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने इस समस्या से निजात की मांग की है।
सड़क किनारे खोदे गए गहरे गड्ढों के कारण दुकानों और घरों तक पहुंचना दूभर हो गया है। बारिश में इन गड्ढों में पानी भर जाता है और लोगों को लकड़ी की बल्लियां डालकर आना-जाना पड़ता है। कई जगह गिट्टी बिखरी होने से पैदल चलने वाले और वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। घाघरा पुल चालू होने के साथ भी इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। कस्बे में सड़क किनारे बाइक और कार खड़ी होने से रास्ता संकरा हो गया है। इससे आए दिन जाम लगता है और छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
बेड़नापुर ब्लॉक मुख्यालय, बैंक, स्कूल-कॉलेजों का प्रमुख केंद्र है। तहसील को जोड़ने वाला यह मार्ग होने से अधिकारियों का भी आना-जाना लगा रहता है, फिर भी समस्या जस की तस है। स्थानीय निवासी उदयराज, अमृतलाल, मनीष और अभय ने बताया कि दो महीने से काम बंद है। ग्रामीणों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी की लापरवाही का खामियाजा जनता भुगत रही है। लोगों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की है।