मुहर्रम से पहले विशेश्वरगंजथाना क्षेत्र के लखनगोंडा गांव में रंजिश को लेकर सोमवार शाम दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। घटना में दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए। इनमें तीन युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव की एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने की घटना हुई थी। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। सोमवार को इसी बात पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। एक पक्ष के रामहेत तिवारी ने आरोप लगाया कि ननके, निरहू, असगर अली समेत कई लोग उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया।
इस हमले में अनूप तिवारी, दुर्गेश तिवारी, रवि तिवारी और रामहेत तिवारी घायल हो गए। दूसरे पक्ष से मुन्नी, शबनम, मुसे अली, असगर, कल्लू, गुड्डी और सकीना को चोटें आई हैं। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से अनूप, दुर्गेश और रवि को गंभीर चोटों के कारण मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। थाना प्रभारी संदीप कुमार दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर लेकर प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।