रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के संदेह में पुलिस और ड्रग निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात केवलपुर मोड़ के पास एक एसयूवी से कोडीनयुक्त सिरप की 1200 से अधिक बोतलें बरामद कीं। वाहन से सिरप की दस पेटियां मिली हैं। पुलिस ने वाहन सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आशंका है कि सिरप की खेप नेपाल ले जाई जा रही थी।
थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने केवलपुर मोड़ के पास एसयूवी को रोककर तलाशी ली। इस दौरान सिरप की दस पेटियां बरामद हुईं। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खेप कहां से लाई गई थी और तस्करी में कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सिरप और प्रतिबंधित दवाओं की अन्य खेप मिलने की संभावना भी जताई है।
एसयूवी पर ‘प्रदेश महामंत्री, अंतरराष्ट्रीय पत्रकार महासंघ’ लिखा बोर्ड लगा हुआ था। हालांकि, वाहन पर लिखे पदनाम और बरामद सिरप के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि पुलिस और ड्रग विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर कोडीनयुक्त सिरप की खेप लदे वाहन को पकड़ा है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दो से तीन घंटे बाद जांच की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस बरामद सिरप के स्रोत और संभावित तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।