बहराइच के चौक बाजार में गर्म टोपी व मफलर की खरीदारी करतीं महिलाएं। -संवाद
बहराइच। दिसंबर की ठंड ने जैसे ही रफ्तार पकड़ी, बाजार में बच्चों की गर्म टोपी, मफलर और स्कार्फ की मांग तेजी से बढ़ गई है। शहर के पीपल तिराहा, चौक बाजार और घंटाघर चौराहे पर सुबह से ही खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है। दुकानों पर तरह-तरह की डिजाइनों वाली बच्चों की टोपियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं। साथ ही गर्म मोजे, मफलर और स्कार्फ की बिक्री भी लगातार बढ़ रही है।
दुकानदार मोबीन और सौरभ बताते हैं कि ठंड बढ़ते ही ग्राहकों की संख्या दोगुनी हो गई है। सुबह से ही महिलाएं बच्चों के साथ गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए दुकानों पर पहुंच रही हैं। इस बार खासतौर पर टेडी लगी बच्चों की गर्म टोपियों की डिमांड सबसे ज्यादा है। इसके अलावा हेडफोन डिजाइन वाली टोपी और सॉफ्ट वूलेन टोपियां भी ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं।
दुकानदारों का कहना है कि बाजार में 50 रुपये से 400 रुपये तक की विभिन्न रेंज में टोपियां उपलब्ध हैं, जिससे सभी वर्ग के लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर पा रहे हैं। ठंड बढ़ने के साथ बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है। कुल मिलाकर सर्द मौसम ने गर्म कपड़ों के बाजार में रौनक लौटा दी है।