बहराइच निवासी नीलोफर बनी मिस इंडिया।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। शहर के काजीपुरा मोहल्ला निवासी नीलोफर को मिसेज इंडिया शाइनिंग स्टार का खिताब मिला है। बीते दिनों गुड़गांव में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों की 25 महिलाओं की प्रतिस्पर्धा में नीलोफर ने कड़े मुकाबले के बीच खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। शहर की बेटी को मिसेज इंडिया शाइनिंग स्टार का खिताब मिलने पर जिले के लोगों में खुशी की लहर है।
शहर के काजीपुरा मोहल्ले की रहने वाली नीलोफर डायडम मिसेज इंडिया शाइनिंग स्टार 2019 की प्रतिस्पर्धा में बहराइच जनपद से चयनित हुई थीं। बीते दिनों गुड़गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके मुख्य अतिथि प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल थे।
इस शो के निर्णायक बालीवुड एक्टर डॉ. अदिति गोवितरिकर और कोच रीता गंगवानी के साथ फिल्म प्रोड्यूसर माइक बेरी रहे। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 25 महिलाएं शामिल हुई थीं, जिसमें इन सभी महिलाओं के बीच कड़ा मुकाबला हुआ।
इसमें बहराइच की नीलोफर ने मिसेज इंडिया का खिताब जीतकर जनपद का नाम रोशन किया। शहर की बेटी नीलोफर को मिसेज इंडिया का खिताब मिलने पर जनपद के लोगों में खुशी की लहर है। नीलोफर को जल्द ही अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्म पर प्रसिद्ध कार्यक्रम आयोजक राहुल पासी की ओर से रैंपवार करने का मौका भी दिया जाएगा।