गिलौला के भौंसहवा में कुत्ते के हमले में घायल कृष। -संवाद
बहराइच। शौच के लिए रविवार सुबह घर से निकले बालक पर कुत्ते ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। परिजन उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर लखनऊ ले जाने की सलाह दी, लेकिन परिजन रेफर करने की बात सुनते ही बालक को लेकर वहां से निकल गए।
श्रावस्ती जिले के गिलौला भौंसहवा निवासी कृष (12) छठवीं कक्षा का छात्र है। रविवार सुबह वह घर से नित्यक्रिया के लिए निकला था। तभी रास्ते में कुत्ते ने उस पर हमला बोल दिया। वह चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन कुत्ते ने उसे नहीं छोड़ा। इस पर ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को भगाया, लेकिन तब तक कृष गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसके चेहरे पर गंभीर जख्म हो गए हैं।
परिजन आनन-फानन उसे लेकर बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचे। डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया और गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर करने का सुझाव दिया, लेकिन डॉक्टरों के रेफर करने से पहले ही परिजन घायल बालक को लेकर मेडिकल कॉलेज से निकल गए।