बहराइच। वन स्टाॅप सेंटर की अधीक्षिका समेत दो महिलाओं पर आजीविका मिशन योजना के तहत नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये हड़पने का आरोप लगा है। एसपी के आदेश पर देहात कोतवाली पुलिस ने दोनों पर धोखाधड़ी व विश्वासघात का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के काशीराम कालोनी निवासी अंकुर श्रीवास्तव की दर्ज एफआईआर के अनुसार सेवायोजन कार्यालय में उनकी मुलाकात वन स्टाॅप सेंटर अधीक्षिका रचना कटियार व नव्वागढ़ी निवासी सुनीता यादव से हुई थी। दोनों ने उनके मित्र रविकांत वर्मा, अभिषेक कुमार और उनसे ग्रामीण आजीविका मिशन में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये मांगे। जिसपर उन्होंने व उनके दोस्त ने दोनों महिलाओं की बातों में आकर दिसंबर, 2022 में कुल 2,40,000 रुपये दे दिए।
आरोप लगाया कि काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी न लगने पर महिलाओं के बारे में जानकारी की तो पता चला, वे महिलाएं पहले भी कई लोगों से नौकरी के नाम पर लाखों रुपयों की धोखाधड़ी कर चुकी हैं। उनके पास ऑडियो रिकार्डिंग व चैट भी साक्ष्य के रूप में मौजूद हैं। आरोप लगाया कि रुपये मांगने पर महिलाएं झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दे रही हैं।
देहात कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अमित प्रकाश कर रहे है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।