जरवल में सपा की किसान जागरण यात्रा के दौरान प्रदर्शन करते पदाधिकारी व कार्यकर्ता।
- फोटो : BAHRAICH
जरवल (बहराइच)। सपा की किसान जनजागरण यात्रा शनिवार को जरवल कस्बे में पहुंची। यहां सपाइयों ने लोगों को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का संदेश सुनाया। इसके साथ ही प्रदेश व केंद्र सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर निकाली जा रही किसान जनजागरण यात्रा शनिवार को कैसरगंज के पूर्व विधायक रामतेज यादव की अगुवाई में जरवल कस्बा पहुंची। जनसभा में पूर्व विधायक रामतेज यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से जारी किए गए कृषि कानून के विरोध में देश के अन्नदाता इस शीतलहरी के बीच 30 नवंबर से दिल्ली मेें डेरा जमाए हुए हैं। सरकार किसानों की मांग मानने के बजाए उन पर ठंड में पानी की बौछारें और आंसू गैस के गोले दाग रही है। केंद्र सरकार के जिम्मेदार मंत्री किसानों के हित के नाम पर आंसू बहाकर उनको गुमराह कर उनके आंदोलन को दबाना चाहते हैं। सरकारी धान क्रय केंद्र पर किसानों का धान बिचौलियों द्वारा खरीदा जा रहा है। गन्ना किसानों को पुराना बकाया भुगतान तक नहीं दिया गया है।
इस दौरान लोगों को पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण यादव, पूजा शुक्ला, शीला यादव, मनीष यादव, अनिल अवस्थी, मौलाना शकील नदवी, सैय्यद सैफ ने भी संबोधित किया। जनसभा का संचालन प्रदीप यादव ने किया। इसके बाद पूर्व विधायक की अगुवाई मेें सपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार कैसरगंज को सौंपकर गन्ना किसानों का बकाया भुगतान कराने, 450 रुपये में गन्ने की खरीद कराने, छुट्टा जानवरों से किसानों को निजात दिलाने, कृषि कानून को वापस लेने और एमएसपी को कानूनी रूप दिये जाने की मांग की। इस मौके पर अजीमुलहक, अब्बास मेंहदी, रज्जब खान, बादल खान, मनोज यादव, आनंद यादव, शिवचरण आदि मौजूद रहे।