बहराइच। नानपारा से इनोवा पर सवार होकर कुछ लोग लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान कैसरगंज टोल प्लाजा के निकट सामने से आ रही एक एसयूवी की इनोवा से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां इनोवा के चालक की मौत हो गई। एसयूवी के चालक व अन्य लोग पहले ही घटनास्थल से जा चुके थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत नईबस्ती निवासी सालमीना (45) पत्नी कल्लू व उसकी दो बेटियां राबिया (20) व प्रियंका (25) और मटेरा थाना अंतर्गत के मटेरा कस्बा निवासी आयुष अग्रवाल (35) इनोवा से लखनऊ जा रहे थे। इनोवा को कोतवाली देहात के धन्नीपुरवा निवासी चालक संजय (25) पुत्र ननकऊ चला रहा था।
शुक्रवार देर रात इनोवा की बहराइच-लखनऊ मार्ग पर कैसरगंज थाना क्षेत्र के बढ़ौली पड़ाव के निकट स्थित टोल प्लाजा के पास लखनऊ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार एसयूवी से टक्कर हो गई। जिससे इनोवा सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एसयूवी के घायलों को कुछ लोग अपने साथ लेकर चले गए। जबकि सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने इनोवा सवार घायलों को सीएचसी कैसरगंज में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर देखकर सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान चालक संजय की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के संबंध में तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।