कतर्नियाघाट के गिरिजापुरी बैराज में उफनाता मगरमच्छ का शव। संवाद।
सरयू नहर के गेट पर दिखा शव, वन टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मिहींपुरवा/मोतीपुर(बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सदर वन रेंज क्षेत्र के चौधरी चरण सिंह गिरिजा बैराज में शनिवार की सुबह एक घड़ियाल का शव उतराता मिला। शव देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर शव को बैराज से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए रखवाया।
किसानों की फसल सिंचाई के लिए मिहींपुरवा तहसील स्थित गिरिजा बैराज से विभिन्न नहरों में पानी छोड़ा जा रहा है। शनिवार की सुबह लगभग सात बजे बैराज के सरयू नहर गेट पर एक घड़ियाल का शव उतराता मिला। बैराज से गुजर रहे ग्रामीण शव देख ठिठक गए और वन विभाग को इसकी सूचना दी। घड़ियाल के मौत की सूचना पर कतर्नियाघाट के प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी रामकुमार, वन दारोगा मयंक पांडेय, वन रक्षक अब्दुल सलाम वन टीम मौके के साथ बैराज पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर शव को बाहर निकलवाया। प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी कतर्नियाघाट राम कुमार ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद शव का पोस्टमार्टम गठित टीम द्वारा किया जाएगा।