फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस पलटी, 11 सिपाही घायल

Thu, 30 Mar 2017 11:54 PM IST
अमर उजाला/बहराइच
विज्ञापन
पलटी बस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पुलिस लाइंस व विभिन्न थानों में तैनात जिले के 41 जवान फायरिंग अभ्यास के लिए दो दिन पूर्व चुनार गए थे। वहां फायरिंग का अभ्यास करने के बाद सिपाही बस से बहराइच लौट रहे थे। गोंडा-बहराइच मार्ग पर पयागपुर के पास गुरुवार को सुबह बस अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। हादसे में 11 जवान घायल हो गए। इनमें चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसा बस चालक को झपकी आने से हुआ। घायल सभी सिपाहियों को सीएचसी पयागपुर में भर्ती कराया गया, वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। 
विज्ञापन


जिले में पुलिसकर्मियों के रायफल व बड़े असलहा के अभ्यास के लिए फायरिंग रेंज नहीं है, जिससे यहां के पुलिसकर्मियों को दूसरे जिले की फायरिंग रेंज पर आश्रित रहना पड़ता है। उसी के तहत जिले के विभिन्न थानों और पुलिस लाइंस में तैनात 41 जवान दो दिन पूर्व रायफल व अन्य असलहों की फायरिंग अभ्यास के लिए चुनार पुलिस लाइंस गए थे।

वहां फायरिंग अभ्यास पूरा होने के बाद बुधवार की रात सभी 41 जवान बस (यूपी 40 टी 3366) से बहराइच पुलिस लाइंस लौट रहे थे। सुबह बस जब गोंडा-बहराइच मार्ग पर सोहेलवा पंडितपुरवा के पास पहुंची, तभी चालक को झपकी आ गई। इससे संतुलन बिगड़ गया और बस अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों ने बस में फंसे सिपाहियों को किसी तरह बाहर निकाला।
विज्ञापन


सूचना पाकर डायल 100 की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एंबुलेंस बुलवाई गईं। हादसे में 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें बस्ती निवासी संजय यादव (28) पुत्र मनीराम, साहबदीन (26) पुत्र रामआसरे फैजाबाद, रंजीतबहादुर (28) पुत्र रामवृक्ष सहजनवा सिद्धार्थनगर, विनोद पुत्र बाबूराम की हालत नाजुक बताई जा रही हैं। अन्य को हल्की फुल्कीं चोटें आई हैं।

सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशेश्वरगंज व पयागपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला चिकित्सालय बहराइच रेफर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार, एएसपी दिनेश त्रिपाठी आदि ने अस्पताल पहुंचकर घायल सिपाहियों का हालचाल पूछा।

इंसेट 
यह सिपाही हुए घायल
बस्ती निवासी संजय यादव (28) पुत्र मनीराम, साहबदीन (26) पुत्र रामआसरे फैजाबाद, रंजीतबहादुर (28) पुत्र रामवृक्ष सहजनवा सिद्धार्थनगर, विनोद पुत्र बाबूराम, राजेश पुत्र रामसुमेर, अनिल कुमार पुत्र रामप्रसाद निवासी फैजाबाद, घनश्याम पुत्र परशुराम, आनंद वर्मा पुत्र शीतल प्रसाद, राहुल पुत्र अमरजीत निवासी बस्ती, शिवकुमार पुत्र जगन्नाथ, धर्मेंद्र पुत्र राधेश्याम निवासी सिद्धार्थनगर शामिल हैं।

इंसेट
गाय की मौत, घूर के चलते बड़ा हादसा टला
बस पलटने के दौरान एक गाय चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अनियंत्रित बस खड्ड में उतरकर कूड़े के ढेर से टकराने के बाद पलट गई, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। 

इंसेट 
सीएचसी पर रही भारी अव्यवस्था
बस पलटने के बाद घायल सिपाहियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशेश्वरगंज व पयागपुर पहुंचाया गया। दोनों स्थानों पर भारी अव्यवस्था दिखी। न तो ड्रिप लगाने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद था और न ही मरहम पट्टी की समुचित व्यवस्था थी। अफरा-तफरी की स्थिति दिखी। सिपाही इधर-उधर पड़े कराहते रहे। जब शिकायत की गई, तब चिकित्सक और चिकित्सा कर्मी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें