मिहींपुरवा में नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त बस व ट्रक।
मिहींपुरवा (बहराइच)। नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर खपरा वन चौकी के पास बुधवार की सुबह लगभग छह बजे कंटेनर व निजी बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस सवार यात्री तो बाल-बाल बच गए, लेकिन बस चालक मोतीपुर के दौलतपुर निवासी लवप्रीत सिंह (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना पर टीम के साथ पहुंचे मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने घायल चालक को इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया। वहां उनका इलाज जारी है।
बस सवार यात्रियों ने बताया कि बस दिल्ली से मिहींपुरवा आ रही थी। खपरा वन चौकी के पास रास्ता संकरा होने के चलते हादसा हुआ। इस कारण मार्ग पर जाम लग गया। थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनोंं को मार्ग से हटवाकर जाम खुलवा दिया गया। दोनों पक्षों में से किसी ने भी तहरीर नहीं दी है।