सीबीएसई 10वीं का परीक्षाफल शनिवार दोपहर घोषित होते ही उत्तीर्ण मेधावी खुशी से उछल पड़े। छात्रों ने अपने परिजनों व सहपाठियों के साथ मिलकर सफलता की खुशियां मनाईं। संत पथिक विद्यालय की संज्ञासी श्रीवास्तव, डिवाइन ग्रेस की रिया, बुद्धा पब्लिक स्कूल के कौस्तुभ व जवाहर नवोदय के अभिनव अव्वल रहे।
इन सभी ने ग्रेडिंग में बाजी मारी है। बेहतर परीक्षाफल के चलते मेधावियों के घरों पर जश्न का माहौल है। जिले में सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजूकेशन (सीबीएसई) के चार विद्यालय हैं। इनमें संत पथिक विद्यालय, डिवाइन ग्रेस, नवोदय विद्यालय व बुद्धा पब्लिक स्कूल शामिल हैं। इनमें 350 छात्र इस बार दसवीं की परीक्षा में सम्मिलित हुए थे।
सभी उत्तीर्ण हुए हैं। इसके चलते विद्यालयों का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा है। संत पथिक विद्यालय की छात्रा संज्ञासी श्रीवास्तव, डिवाइन ग्रेस की रिया, बुद्धा पब्लिक स्कूल के कौस्तुभ व जवाहर नवोदय विद्यालय के अभिनव अव्वल रहे। सभी ने 10 ग्रेड अर्जित कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।
शनिवार दोपहर परीक्षाफल घोषित हुआ तो कंप्यूटर पर छात्रों की निगाहें लगी रहीं। परीक्षाफल जानते ही मेधावी खुशी से उछल पड़े। छात्रों ने एक दूसरे को सफलता की बधाइयां दीं। मिठाइयां बांटी। स्कूलों के साथ ही मेधावियों के घर पर भी जश्न का माहौल रहा।