समाधान दिवस में फरियाद लेकर पहुंचा पति।
पयागपुर। फरदा सुमेरपुर अंतर्गत कालीदुबे पुरवा निवासी एक युवक का विवाह बीते 19 जून को एक बिचौलिये के माध्यम से हुआ था। युवक का कहना है कि विवाह के तीन दिनों बाद ही उसकी पत्नी ने उसे नींद की गोलियां खिला दीं। इसके बाद वह जेवर व नकदी समेत घर में रखा अन्य कीमती सामान लेकर कहीं चली गई। उसका कहीं पता नहीं चल रहा है। युवक ने शनिवार को थाना समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र सौंपते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।
क्षेत्र निवासी जीवन लाल यादव ने थाने में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उनका विवाह रानीपुर थाना क्षेत्र के खोटवा समय चालुआ निवासी राजेश की मध्यस्थता में हुआ था। राजेश ने उनसे विवाह कराने के एवज में एक लाख रुपये भी लिए थे। जीवन लाल ने बताया कि बीते 19 जून को उनका विवाह समय माता मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से कराया गया था। विवाह के तीन दिन बाद ही पत्नी कहीं चली गई। जब उन्होंने मध्यस्थता करने वाले व्यक्ति से इस संबंध में बातचीत की तो उसने कोई जिम्मेदारी लेने से इन्कार कर दिया। पीड़ित ने उसे न्याय दिलाने की मांग की है।