रुपईडीहा। शिवपुर मोहरनिया गांव में शनिवार को व्यापारियों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों से नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी चरदा भेजा, जहां से इन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है।
शिवपुर मोहरनिया गांव में मनोज कुमार व रामनिवास की दुकानें अगल-बगल स्थित हैं। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र होने के कारण यहां नेपाली ग्राहकों की आमद अधिक होती है। दोनों दुकानदारों के बीच ग्राहकों को अपनी दुकान पर बुलाने के कारण मनमुटाव चलता रहता है। शनिवार को भी दोनों दुकानदारों द्वारा अपनी-अपनी दुकानों पर ग्राहक बुलाने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के जमकर लाठी-डंडे चले।
मारपीट में एक पक्ष से भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजकुमार (38), सूरज (20), राजेश (35) राहुल (21) व मनोज (22) घायल हो गए। इसी प्रकार दूसरे पक्ष से रामनिवास, विनोद कुमार (42), रमेश कुमार (40) व दिलीप कुमार (35) घायल हो गए। थाना प्रभारी रुपईडीहा हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजते हुए दोनों पक्षों की तहरीर पर 13 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।