उर्रा (बहराइच)। संत शिरोमणि रविदास की जयंती के अवसर पर भीम एकता मंच पड़रिया की ओर से दो दिवसीय वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रविवार देर रात प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बोझिया और सोंगवा की टीम के बीच खेला गया, जिसमें बोझिया की टीम ने सोंगवा को 18-17 से हराकर जीत दर्ज की। विजेता और उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
मिहींपुरवा विकास खंड अंतर्गत पड़रिया में स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में संत शिरोमणि रविदास की जयंती के अवसर पर दो दिवसीय वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता के संयोजक पंचायती राज विभाग के कर्मचारी जयहिंद गौतम रहे। 22 व 23 फरवरी को हुई वालीबॉल प्रतियोगिता में क्षेत्र की 18 टीमों ने प्रतिभाग किया। अंतिम दिन वालीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच बोझिया एवं सोंगवा टीम के बीच खेला गया। देर रात दूधिया रोशनी में हुए फाइनल मैच में बोझिया की टीम ने तीसरे राउंड में जीत दर्ज की।
पहले राउंड में बोझिया की टीम 15-9 से आगे रही। जबकि द्वितीय राउंड में सोंगवा 15-9 से आगे रही। इस पर फाइनल राउंड खेला गया, जिसमें बोझिया की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 18-17 से जीत दर्ज कर ली। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अली हुसैन ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को नकदी व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक मुकेश कुमार ने कहा कि खेल के द्वारा भी युवा अपनी प्रतिभा निखार सकते हैं। ऐसे में उन्हें सिर्फ एक निश्चित रास्ता तय करना होता है। इस मौके पर वालीबॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रेमनाथ तिवारी, रेफरी अटल सिंह, अनूप श्रीवास्तव, रामचंद्र आनंद, भीम एकता मंच के गोबरी प्रसाद, गुलाबचंद, शैलेश पटेल, धर्मेंद्र कुमार, दीपक कुमार, पंकज बौद्ध, गुलशन, सदस्य बालजीत, निखिल कुमार, कमलेश, गोपी राव, सूरज कुमार आदि मौजूद रहे।