कैसरगंज। कोटवा वैराकाजी गांव से दो दिन पहले धान काटने की बात कहकर घर से निकली 40 वर्षीय महिला का शव बृहस्पतिवार की सुबह गांव के पास तालाब में उतराता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी सुखना मंगलवार सुबह करीब आठ बजे धान काटने के लिए खेत जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। शाम तक घर न लौटने पर उनके पति ननकू और अन्य परिजनों ने खेत व गांव में उनकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद ननकू ने बुधवार को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला की तलाश शुरू करा दी थी।
बृहस्पतिवार सुबह राहगीरों ने गांव से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में महिला का शव उतराता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय ने सुखना देवी का शव तालाब से बाहर निकलवाया।
पति ननकू ने बताया कि उनकी पत्नी को दौरा पड़ने की बीमारी थी। उन्होंने आशंका जताई कि खेत जाते समय दौरा पड़ने से वह तालाब में गिर गई होंगी। सीओ डीके श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।