फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: आज और कल जिले में भारी बारिश का अलर्ट

Thu, 29 Oct 2026 11:51 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। जिले में शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के अनुसार, 30 अक्तूबर की सुबह 8:30 बजे से 31 अक्तूबर की सुबह 8:30 बजे तक बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवा चलने की आशंका है।
विज्ञापन


इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि तेज झोंकों में गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित हो सकता है। वज्रपात और तेज हवा को देखते हुए खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। गरज-चमक के दौरान खेत, खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। किसान और ग्रामीण मौसम बिगड़ने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। डीएम राजेश पांडेय ने लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
विज्ञापन



तूफान की आशंका में किसानों ने तेज की धान की कटाई
बारिश और तूफान की आशंका के चलते किसानों ने धान की कटाई तेज कर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालक भी मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। विशेश्वरगंज की ग्राम पंचायत शिवपुरी बैरागी में किसान जल्द फसल घर पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। किसान सत्यप्रकाश चौहान, पंकज चौहान, शकील और सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि नुकसान से बचने के लिए धान की कटाई तेजी से की जा रही है।


बीपी और शुगर के मरीज बरतें सावधानी
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. परितोष तिवारी ने बताया कि बदलते मौसम में ब्लडप्रेशर और डायबिटीज के मरीज विशेष सावधानी बरतें। समय पर दवाएं लें और सर्दी, खांसी व बुखार से बचाव करें। अभिभावक सुबह-शाम छोटे बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सक से संपर्क करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें