बहराइच। रामगांव इलाके में हाईवे चौकी के पास बुधवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। शव के पास से नशीले इंजेक्शन और सिरिंज बरामद हुई। कपड़ों में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान श्रावस्ती जिले के भिनगा स्थित आजाद नगर निवासी उसमान (29) के रूप में हुई।
बुधवार सुबह राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी दिवाकर तिवारी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पहचान कराने का प्रयास किया। इसी दौरान कपड़ों में आधार कार्ड मिलने से उसकी शिनाख्त हुई।
थाना प्रभारी दिवाकर तिवारी ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।