बहराइच। किसान पीजी कॉलेज में रविवार को आयोजित भारत-नेपाल खेल महोत्सव में रन फॉर राम मैराथन दौड़, कबड्डी, तीरंदाजी तथा रस्साकशी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में भारत और नेपाल की चार-चार टीमों ने भाग लिया।
क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष अटल सिंह ने बताया कि रन फॉर राम मैराथन दौड़ के महिला वर्ग में वेनिका रावत प्रथम, कल्पना अवस्थी द्वितीय और दिव्या मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में बॉबी कुमार प्रथम, किशन लाल द्वितीय, अजीत वर्मा तृतीय, सर्वेश चतुर्थ और सत्यम त्रिपाठी पंचम स्थान पर रहे।
रस्साकशी प्रतियोगिता के महिला वर्ग में केडीसी बहराइच विजेता और स्टेडियम टीम उपविजेता रही। वहीं पुरुष वर्ग में मिहींपुरवा विजेता तथा टाइगर टीम उपविजेता रही। तीरंदाजी प्रतियोगिता में महिला वर्ग में कविता कुमारी विजेता रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में विष्णु दयाल उपविजेता रहे।
कबड्डी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में कुल 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। पहला सेमीफाइनल स्टार स्पोर्ट्स प्रथम और पयागपुर टीम के बीच खेला गया। इसमें पयागपुर ने 25-8 से जीत दर्ज की। दूसरा सेमीफाइनल स्टार स्पोर्ट्स सेकेंड और नेपाल टीम के बीच हुआ, जिसमें स्टार स्पोर्ट्स सेकेंड ने 21-20 से जीत हासिल की। फाइनल मुकाबले में पयागपुर ने स्टार स्पोर्ट्स को 25-19 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में 12 टीमों ने भाग लिया, जिसमें कंजेभरिया विजेता और टीम बहराइच उपविजेता रही। इस अवसर पर वॉलीबॉल सचिव प्रेमनाथ तिवारी, रजत सिंह, देवेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका वीरेंद्र पाल सिंह, संतोष कुमार सिंह, दिलीप वर्मा, प्रमोद कुमार, विनोद यादव, गोविंद चौहान, आशीष सिंह, सुभाष चंद्र, श्याम सुंदर, दीपक शर्मा, केपी, रवि श्रीवास्तव और सत्यपाल ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार पांडेय ने किया।