बहराइच। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर एक अक्तूबर को मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में वन विभाग के साथ ही सामाजिक संस्थाओं व संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। रक्तदान शिविर में सुबह 10 बजे तक कोई भी व्यक्ति पंजीकरण मौके पर ही करा सकेगा।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर एक अक्तूबर को प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी के तहत एक अक्तूबर को मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर के मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल के साहनी और सीएमएस डॉ. डीके सिंह होंगे। शिविर में अन्नरथ के संचालक संदीप मित्तल और युवा खिलाड़ी आलोक श्रीवास्तव समेत अन्य लोग भी सहयोग कर रहे हैं।
बहराइच वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह की ओर से भी अमर उजाला की पहल का स्वागत करते हुए वन विभाग द्वारा शिविर में सहयोग प्रदान करने का कदम उठाया गया है।
ग्लोबल ग्रीन ग्रुप केे संयोजक अर्चित मिश्रा की अगुवाई में भी युवाओं की टीम रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए सुबह से ही जुट जाएगी। शिविर में कोई भी व्यक्ति रक्तदान करने के लिए सुबह 10 बजे तक अपना पंजीकरण करा सकेगा।