बहराइच। 50 शैया मैटर्निटी विंग सीएचसी कैसरगंज में स्थापित ब्लड स्टोरेज यूनिट का सोमवार को उद्घाटन किया गया। सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने ब्लड यूनिट का शुभारंभ कर समारोह में चिकित्सकों को मरीजों का इलाज करते समय सेवा का भाव रखने को प्रेरित किया।
इस दौरान सहकारिता मंत्री ने कहा कि ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना से खून की कमी के ऐसे मरीज जिन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया जाता था, अब उनका ऑपरेशन यहीं पर हो जायेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों के प्रयासों से चिकित्सालयों का उच्चीकरण हो रहा है और संसाधनों की भी कोई कमी नहीं है।
उन्होंने चिकित्सकों का आह्वान किया कि चेहरे पर मुस्कान के साथ मरीजों की सेवा करें। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना से यहां पर 24 घंटे ब्लड उपलब्ध रहेगा। सिवियर एनिमिया या ऑपरेशन वाले मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल खून चढ़ाया जायेगा। ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना से पूर्व यह सुविधा यहां पर उपलब्ध नहीं थी।
सीएमओ ने बताया कि कैसरगंज सीएचसी मंडल में प्रथम सीएचसी है, जहां पर ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना की गयी है। ब्लड स्टोरेज यूनिट के उद्घाटन अवसर पर ब्लड कलेक्शन शिविर भी आयोजित किया गया है। थानाध्यक्ष कैसरगंज संजय कुमार सिंह ने बताया कि थाना कैसरगंज के पुलिस कर्मियों द्वारा भी रक्तदान किया जा रहा है।
मंत्री ने एमओआईसी कैसरगंज डॉ. एनके सिंह को निर्देश दिया कि प्रचार-प्रसार कर समय-समय पर ब्लड डोनेशन शिविर का आयोजन किया जाये। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कैसरगंज रामजीत मौर्य, जन सम्पर्क अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह, विधानसभा संयोजक गौरव वर्मा, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुवेद वर्मा, डॉ. एसके सिंह, डॉ. पीयूष, बालमुकुंद शर्मा, शुएब अहमद, शिव सहाय सिंह आदि मौजूद रहे।