आप ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को घंटाघर चौराहे पर इकट्ठा होकर कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे, एचआरडी मंत्री स्मृति ईरानी व पंकजा मुंडे का पुतला फूंका। सभी ने इस्तीफेे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने वित्तीय अनियमितता में फंसे ललित मोदी की मदद की और मोदी का केस वापस लेने की सिफारिश भी की हैै। सीएम वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत की कंपनी में ललित मोदी द्वारा काले धन का 12 करोड़ रुपये एक शैल कंपनी द्वारा ट्रांसफर किए गए।
प्रवर्तन निदेशालय ने इसे गैर कानूनी माना है। इसी तरह मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने अपनी डिग्रियों के बाबत गलत जानकारी दी है। तो वहीं महाराष्ट्र सरकार में महिला एवं बाल कल्याण मंत्री पंकजा मुंडे ने आदिवासी बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं में 20.6 करोड़ का घोटाला किया है। इसके बावजूद भाजपा सरकार इन चारों के मामलों में लीपापोती कर रही है। पीएम मौन हैं। पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन भ्रष्टाचारी मंत्रियों से इस्तीफे नहीं लिए गए तो संघर्ष किया जाएगा।
प्रदर्शन में आप की जिला संयोजक संतोष कुमारी रस्तोगी, दीपक श्रीवास्तव, मो सईद खान, खतीजा खातून, प्रदीप सिंह, मो आजाद खान, जकीउल्ला हाशमी, सतीश वर्मा, सरोज खान, विनोद सिंह रैकवार समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे।