यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के चार मेधावियों को अमर उजाला सम्मानित करेगा। इनमें दो बहराइच और दो श्रावस्ती के मेधावी हैं। यह सम्मान लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव देंगे। समारोह एक जुलाई को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा। मेधावियों को लखनऊ ले जाने की जिम्मेदारी डीआईओएस को दी गई है।
सामाजिक सरोकारों के लक्ष्यों की पूर्ति के साथ ‘अमर उजाला’ ने हर साल की तरह इस साल भी यूपी बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के दो टॉपर्स का चयन किया गया है।
वर्ष 2015 यूपी बोर्ड की परीक्षा में पयागपुर स्थित राम प्रकाश इंटर कॉलेज सुहेलवा के इंटरमीडिएट के छात्र मुकेश पाठक ने 94.60 फीसदी अंक अर्जित कर जिले का मान बढ़ाया है। मुकेश को 473 अंक मिले थे। इसी तरह गढ़वा नौतला स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया गवर्नमेंट इंटर कॉलेज में हाईस्कूल के छात्र सौरभ कुशवाहा ने 95.16 फीसदी अंक अर्जित कर जिले में टॉप किया।
सौरभ को 571 अंक मिले थे। मुकेश व सौरभ का चयन किया गया है। इन दोनों को एक जुलाई को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रष्ठिान में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव साइकिल देकर सम्मानित करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि दोनों मेधावियों को ‘अमर उजाला’ द्वारा आयोजित समारोह में शामिल कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आज डीआईओएस कार्यालय में उन्हें बुलाया गया है।
श्रावस्ती में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दो मेधावियों का चयन किया गया है। इनमें हाईस्कूल के आशुतोष पाठक और इंटरमीडिएट की छात्रा मुस्कान सिंह हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा में आशुतोष ने 92.5 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। वहीं, इंटरमीडिएट की परीक्षा में मुस्कान को 94.40 प्रतिशत अंक मिले थे। जिले से दोनों मेधावियों का चयन लखनऊ में बुधवार को हो रहे सम्मान समारोह के लिए किया गया है। वहां मुख्यमंत्री मेधावियों को सम्मानित करेंगे।