बहराइच में शनिवार को धरना-प्रदर्शन करते भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की जा रही अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर राहुल गांधी से लिखित माफी मांगने की मांग की।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पदमसेन चौधरी और जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के धरनास्थल पर प्रदर्शन किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता श्रीनाथ शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से राफेल विमान की खरीद के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर लगातार अमर्यादित टिप्पणी की जा रही है, जिसके कारण उच्चतम न्यायालय में भी उनको लिखित माफी मांगनी पड़ी। इसके बाद भी उनके व पार्टी द्वारा गलत बयान बंद नहीं किए गए हैं।
भाजपा के जिला महामंत्री नन्हेंलाल लोधी व उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ राष्ट्रपति की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में किसी भी नेता पर कोई भी गलत बयान देने की कोशिश न करे। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट जयप्रकाश को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर प्रभा सोनी, सुनील श्रीवास्तव, शिवम जायसवाल, गुलाबचंद शुक्ल, देवेंद्र मिश्र, जयप्रकाश शर्मा, राधेश्याम त्रिपाठी, मनीष दूबे, संजय जायसवाल, अखिलेश यादव, अरुणेंद्र सिंह, सौरभ मिश्र, संतोष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।