रानीपुर में सड़क हादसे के बाद मेडिकल कालेज में भर्ती कपिल।
बहराइच। रानीपुर थाने के बहराइच-हुुजूरपुर मार्ग पर शंखना मोड़ के पास मंगलवार की रात बाइक सवार दो लोग मवेशी से टकराकर घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि बाइक पर सवार एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार चल रहा है। परिजनों के मुताबिक चालक हेलमेट लगाए था।
हुजूरपुर थाना के जगतापुर गांव निवासी बाइक सवार राकेश उर्फ अमरेश (25), कपिल (12) रानीपुर थाना के शंखना मोड़ पर मवेशी से टकरा गए। हादसे में राकेश की मौत हो गई। मृतक के ससुर राजकुमार ने बताया वे ससुराल देहात कोतवाली के चेतूपुरवा आ रहे थे। रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। चार साल पहले राकेश की शादी बेटी पूजा से हुई थी जिससे एक बेटी है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मौत से परिजनों में कोहराम है। रानीपुर थानाध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह ने बताया बाइक मवेशी से टकराने से युवक की मौत हुई है, परिजनों को सूचना दे दी गई है।