बौंडी (बहराइच)। थाना क्षेत्र के अमवा तेतारपुर गांव में तेल पूजन कर रहीं महिलाओं को एक बाइक सवार ने रौंद दिया, जिससे दो महिलाओं के पैर टूट गए, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामूली धाराओं में केस दर्ज कर मामले को रफा-दफा कर दिया। पीड़ित परिवार ने एसपी को पत्र देकर घटना में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
बौंडी थाना क्षेत्र के अमवा तेतारपुर गांव निवासी माधवराम के पुत्र महेश कुमार का विवाह होना था। विवाह के पहले होने वाले तेल पूजन कार्यक्रम के लिए परिवार की महिलाएं रविवार की शाम गांव के निकट स्थित जमील के पालेसर के पास पूजा पाठ करने गई थीं। इस दौरान आरती (39) पत्नी विनय कुमार, सविता (45) पत्नी बलवीर मिश्र, पायल (25) पत्नी मनोज, रीता (28) पत्नी आशाराम, मीना (40) पत्नी तिलकराम समेत अन्य महिलाएं पूजा-अर्चना कर रही थीं।
तभी डिहवा गांव निवासी शुभम तेज रफ्तार में बाइक लेकर पहुंचा और उसने महिलाओं के ऊपर बाइक चढ़ा दी, जिससे आरती व सविता का पैर टूट गया, जबकि पायल, रीता, मीना समेत चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरती देवी के पुत्र वेदांश मिश्रा ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामूली धाराओं में केस दर्ज कर लिया। आरोपी को पकड़कर लोगों ने पुलिस को सौंपा था, लेकिन उसे भी छोड़ दिया गया। पीड़ित परिवार ने एसपी को पत्र देकर मामले की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।