रानीपुर के भिरगूपुर में नहर में पुल से बाइक गिरने में घायल महिला व बच्चा।
- फोटो : BAHRAICH
रानीपुर (बहराइच)। पयागपुर से सोमवार को दवा लेने रमवापुर गांव आ रहे ग्रामीण की बाइक अनियंत्रित होकर भिरगूपुर पुल से नहर में जा गिरी। हादसे में ग्रामीण की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में ग्रामीण की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पयागपुर थाना क्षेत्र के मोहनापुर गांव निवासी लक्ष्मण (40) की रिश्तेदारी रमवापुर गांव में है। कई दिनों से लक्ष्मण के दांत में दर्द हो रहा था। इस पर रिश्तेदारों ने रमवापुर में एक चिकित्सक को दांत दिखाने की सलाह दी। डॉक्टर को दिखाने के लिए सोमवार को लक्ष्मण पत्नी गीता (36) व बेटे छोटू (5) के साथ बाइक से रवाना हुआ।
इसी दौरान वह रानीपुर थाना क्षेत्र के भिरगूपुरवा मुंडे बाबा पुल के पास पहुंचा। तभी पुल पर तीव्र मोड़ होने व बाइक की रफ्तार तेज होने से बाइक अनियंत्रित होकर पुल से नहर में जा गिरी। बाइक समेत नहर में गिरे लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पत्नी व बेटा पुल की रेलिंग से टकराकर वहीं गिरकर घायल हो गए। नियमित गश्त पर मौजूद सिपाही सरवन यादव व राजू ने लोगों की मदद से घायलों को उठाया। मामले की सूचना एसओ को दी गई।
एसओ जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हादसे से लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे मेें ग्रामीण की मौत होने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
पत्नी बोली, नियति को कुछ और ही मंजूर था
लक्ष्मण की मौत के बाद पत्नी पछाड़ें खाकर गिर रही थी। उसका कहना था कि पति पर पास के ही चिकित्सक से इलाज कराने के लिए उसने दबाव डाला था, मगर नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिसके बाद सभी रमवापुर के लिए रवाना हो गए। उधर, छह साल का बेटा भी पिता के शव को देखकर सुबक रहा था, जिसे देख मौजूद सभी लोगों की आंखें भी नम हो गईं।