हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जवलरोड थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रेवढ़ा निवासी महीन (20) पुत्र मुबारक अली शनिवार शाम को मोहर्रम जुलूस के साथ कर्बला जा रहा था।
रेवढ़ा ग्राम निवासी खालिक के ढाबली के निकट गांव निवासी सारिक पुत्र चुन्ने तभी बाइक से गुजर पड़ा। तेज रफ्तार बाइक ने युवक महीन को टक्कर मार दी।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों द्वारा उसे सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
रविवार को सुबह 8 बजे परिजन युवक के शव को थाने लेकर पहुंचे। जहां पर गांव के भी लोग सैकड़ों की संख्या में पहुंच गए। परिवार के लोग बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
इस मामले में मृतक के चचेरे भाई फुरकान ने तहरीर दी थी। थानाध्यक्ष धनंजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।