दुर्घटना के बाद सड़क पर गिरी बाइक व दुर्घटनाग्रस्त बस।
जरवलरोड। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर रविवार शाम एकलव्य महाविद्यालय के सामने रोडवेज बस से बाइक टकरा जाने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हादसा रविवार शाम करीब 6:35 बजे जरवल रोड थाना क्षेत्र में हुआ। लखनऊ से यात्रियों को लेकर आ रही कैसरबाग डिपो की रोडवेज बस की बाराबंकी की ओर जा रही बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान सर्वेश (28) और अनिरुद्ध (30) के रूप में हुई। दोनों बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र के बघौरा गांव के निवासी थे।
हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी डीके श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
दुर्घटना के बाद सड़क पर गिरी बाइक व दुर्घटनाग्रस्त बस।