कलेक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर पंचायत करते भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी।
बहराइच। कलेक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मासिक पंचायत जिला अध्यक्ष रामछवि यादव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान की मांग उठाई गई और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष ने गन्ने का बकाया भुगतान जल्द कराने, गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने व आसाम चौराहे के पास प्रदूषण फैला रही खाद्यान्न मिल को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की। साथ ही मोहरना गांव में श्मशान स्थल बनवाने, चहलार गांव में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने, गन्ना तौल केंद्रों पर 150 से 200 रुपये उतराई वसूली बंद कराने व तौल में 40-50 किलो की अतिरिक्त बढ़ोतरी रोकने की मांग की गई।
इसके अलावा विजयभू गांव में खराब सरकारी नलकूप व टूटी नालियों की मरम्मत कराने तथा धान क्रय केंद्रों पर खरीद में देरी दूर करने की मांग उठाई गई। यूनियन ने जल्द समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। इस दौरान कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।