बहराइच। केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की समीक्षा तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र तथा कार्ड का वितरण किये जाने के उद्देश्य से विकास खंड बलहा की ग्राम पंचायत गुरघुट्टा व लक्ष्मनपुर मटेही में शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र व कार्ड आदि का वितरण किया गया।
प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा की अध्यक्षता में जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत गुरघुट्टा व लक्ष्मनपुर मटेही में आयोजित शिविर के दौरान सहकारिता मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, विभिन्न प्रकार की पेंशन, सौभाग्य व आयुष्मान भारत आदि योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र व कार्ड बांटे।
उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं की पात्रता रखने वाले ऐसे व्यक्ति जिन्हें अभी लाभ प्राप्त नहीं हुआ है, वे निराश न हो। उन्हें भी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। मंत्री ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर आयोजित कर पात्रता रखने वाले व्यक्तियों का विवरण तैयार कर उन्हें शीघ्र ही योजनाओं का लाभ दिया जाए।
ग्राम पंचायत गुरघुट्टा में पीएम आवास योजना के 342, सीएम आवास योजना के तीन, आयुष्मान भारत योजना के तहत 747, विधवा पेंशन के 48, वृद्धा के 250 व दिव्यांग के 22, मनरेगा जॉब कार्डधारक के 846, स्वच्छ भारत मिशन योजना के 1102, उज्ज्वला योजना के 173 पात्र व्यक्तियों का लाभान्वित किया गया है।
इसके अलावा इच्छुक 339 व्यक्तियों को नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन, पात्र गृहस्थी योजना के तहत 1152, अन्त्योदय योजना के तहत 220 के अतिरिक्त आवासीय योजनाओं के तहत 575 नये पात्र व्यक्ति चयनित किये गये हैं, जिन्हें शीघ्र ही लाभान्वित किया जायेगा।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत लक्ष्मनपुर मटेही में पीएम आवास योजना के 135, सीएम आवास योजना के 12, आयुष्मान भारत योजना के 400, विधवा पेंशन के 47, वृद्धा के 36 व दिव्यांग के 23, मनरेगा जॉब कार्डधारक 601, स्वच्छ भारत मिशन योजना के 716, उज्ज्वला योजना के 90 पात्र व्यक्तियों का लाभान्वित किया गया है।