बहराइच। शहर के नाजिरपुरा निवासी व्यक्ति ने दो लोगों पर उधार दिए रुपये वापस मांगने पर सोमवार को बेल्ट और लाठी-डंडों से पीटने का आरोप लगाया है। नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी और मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
नगर कोतवाली के नाजिरपुरा निवासी साजिद के अनुसार उन्होंने मोहल्ला निवासी टिंकू को तीन माह पहले 35 हजार रुपये उधार दिए थे। कई बार पैसे मांगने पर नहीं दिए तो सोमवार की रात दोबारा से पैसे वापस मांगे, जिस पर टिंकू और उसके भाई बल्लू ने गाली-गलौज कर बेल्ट व डंडे से जमकर पीटा। चीखपुकार सुन आसपास मौजूद लोगों ने बचाया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। नगर कोतवाल राकेश सिंह ने बताया आरोपियों पर संबंधित धारा में केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है।