रुपईडीहा में कोरोना वायरस को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद नेपाल व भारत के जवान।
- फोटो : BAHRAICH
रुपईडीहा (बहराइच)। एसएसबी जवानों के साथ नेपाल की पुलिस ने शुक्रवार को सीमा पर संयुक्त गश्त किया। इसके बाद दोनों देशोें के जवानों ने बैठक की, जिसमें चीन में फैले कोरोना वायरस से निपटने के लिए सतर्कता बरतने के साथ आपसी सहयोग पर जोर दिया गया। कहा गया कि दोनों देश के अधिकारी सतर्क रहें तो कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति को सतर्कता से बचाया जा सकता है।
एसएसबी रुपईडीहा में स्थित एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट प्रवीन कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सहायक कमांडेंट एलके गरवा और नेपाली आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवानों ने सीमा पर संयुक्त गश्त किया। इस दौरान दोनों देश के जवानों ने सीमा पर स्थापित पिलर की सुरक्षा जांची। सीमा पर हो रहीं गतिविधियों के बारे में एक-दूसरे के सहयोग पर भी चर्चा हुई। उप कमांडेंट शैलेश कुमार ने बताया कि भारत नेपाल के नो मेंस लैंड पर संयुक्त गश्त होने से सुरक्षा में सुधार होता है।
गश्त के बाद कार्यालय में दोनों देशों के जवानों की बैठक हुई। इस दौरान कमांडेंट ने कहा कि कोरोना वायरस चीन में पूरी तरह से पैर पसार चुका है। ऐसे में चीन से नेपाल की यात्रा करने वाले यात्रियों पर नेपाल के चिकित्सक और जवान विशेष ध्यान रखें, जिससे नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले लोगों की जांच की जा सके।
उन्होंने कहा कि दोनों देश के अधिकारी सतर्क रहें तो कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति को सतर्कता से बचाया जा सकता है। बैठक में नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स के ओरेन तमांग 10 जवानों के साथ शामिल हुए। इस मौके पर उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार समेत एसएसबी के जवान मौजूद रहे।