मोतीपुर/गायघाट(बहराइच)। बलहा विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक सरोज सोनकर ने रविवार को क्षेत्र में विजय आशीर्वाद यात्रा निकाली। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में भाजपा समर्थक शामिल रहे। विधायक सरोज सोनकर का जगह-जगह समर्थकों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान यात्रा में शामिल समर्थकों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया और डीजे की थाप पर खूब थिरके। यात्रा में बुलडोजर पर सवार जयश्रीराम का जयघोष करते समर्थक आकर्षण का केंद्र रहे।
विजय आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत मैनहिया से की गयी। यात्रा विधानसभा क्षेत्र के रजवापुर, लक्ष्मनपुर, सर्रा मुन्दरी, रायबोझा, गायघाट, कुड़वा मोड होते हुए मिहीपुरवा बाजार पहुंची। इस दौरान जगह-जगह पर कार्यकर्ताओं के साथ जनता ने नवनिर्वाचित विधायक सरोज सोनकर का फूल मालाओं से स्वागत किया। विजय आशीर्वाद यात्रा मे कई कार्यकर्ता बुलडोजर पर चढ़े नजर और जोश के साथ जमकर जय श्रीराम, मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे लगाते रहे।
वहीं यात्रा में आगे चल रहे सैकड़ों समर्थक डीजे की धुन पर नाचते और अबीर-गुलाल उड़ाते नजर आए। यात्रा के दौरान विधायक सरोज सोनकर ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने पर हाथ जोड़कर समर्थकों व क्षेत्रीय लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि आलोक जिंदल, ब्लॉक प्रमुख अभिषेक सौरभ वर्मा, हरगोविंद पांडे, तीरथ राम लोधी, जुगुल किशोर, पीयूष मौर्या, कुंवर सिंह समेत भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सभी बूथ व सेक्टर अध्यक्ष मौजूद रहे।