बहराइच। बरसात की आहट को देखते हुए नपाप प्रशासन की ओर से शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों में नाले-नालियों की सफाई का काम फिर से शुरू करा दिया गया है। बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति के लिए दो रिजर्व टीमें भी लगाई गई हैं। मंगलवार को एक घंटे की बारिश के बाद हुए जलभराव ने नपाप के कान खड़े कर दिए। इसके बाद शहर के नाले-नालियों की सफाई का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान स्थिति संतोषजनक न मिलने पर सफाई निरीक्षक सुरेश गोविंद मिश्रा की अगुवाई में टीम ने फिर से नाले-नालियों की सफाई शुरू करा दी है। बुधवार को टीम ने नानपारा बाईपास मार्ग स्थित एआरटीओ कार्यालय के पास नाले व सड़कों की सफाई की। सफाई निरीक्षक सुरेश गोविंद मिश्रा ने बताया कि नाले-नालियों की फिर से सफाई की व्यवस्था की जा रही है।