बहराइच के इंदिरा गांधी स्टेडियम में क्रिकेट टूर्नामेंट में बैटिंग करता खिलाड़ी। -संवाद
बहराइच। इंदिरा गांधी स्टेडियम में स्वर्गीय कुसमेंद्र सिंह राणा की स्मृति में आयोजित ग्लैमरस टाइप प्रीमियर लीग का पहला सेमीफाइनल शनिवार को हुआ। इस मुकाबले में बहराइच योद्धा ने बहराइच ग्लेडिएटर्स को सात विकेट से शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
बहराइच योद्धा के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी ग्लेडिएटर्स की टीम निर्धारित 22 ओवरों में नौ विकेट खोकर केवल 115 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आर्यन क्षितिज ने 35 और अमन पांडेय ने 34 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहराइच योद्धा की टीम ने संभलकर बल्लेबाजी की। अमन पासवान के नाबाद 57 रनों के शानदार अर्धशतक की बदौलत टीम ने 18वें ओवर में ही 120 रन बनाकर मैच जीत लिया। ग्लेडिएटर्स की ओर से अनुज ठाकुर ने दो और वैभव सूरज ने एक विकेट लिया।
शानदार पारी के लिए अमन पासवान को मैन ऑफ द मैच और अनुज ठाकुर को इमर्जिंग प्लेयर के पुरस्कार से नवाजा गया। इससे पूर्व मैच का शुभारंभ भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।