बाघिन ने तीन शावकों संग की चहलकदमी
- फोटो : amar ujala
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में बुधवार देर रात उस समय सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई, जब मोतीपुर-बिछिया मार्ग पर गिरिजापुरी पेट्रोल पंप के पास एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ सड़क पर चहलकदमी करती दिखाई दी। बाघिन और शावकों को सड़क पर देखकर राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए। लोगों ने सुरक्षित दूरी से इस दुर्लभ नजारे का वीडियो भी बनाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाघिन कभी सड़क के एक ओर तो कभी दूसरी ओर अपने तीनों शावकों के साथ घूमती रही। करीब पांच मिनट तक बाघिन और शावकों की मौजूदगी के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही थमी रही। राहगीर अपनी गाड़ियों में बैठे रहे और वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते रहे।
अशफाक, मनीष, शोएब और मतीन समेत अन्य राहगीरों ने बताया कि बाघिन काफी देर तक शावकों के साथ सड़क पर मौजूद रही। इसके बाद वह तीनों शावकों को लेकर जंगल की ओर चली गई, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो सकी।
बाघिन का तीन शावकों के साथ सड़क पर दिखाई देना क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रियता का संकेत माना जा रहा है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
वन क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों से अपील है कि वन्यजीव दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उनके करीब जाने, शोर करने या रास्ता रोककर उन्हें परेशान करने से बचें।