बहराइच। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार जिले के लोगों को इंटरसिटी की सौगात मिल गई। 21 अगस्त से इंटरसिटी ट्रेन बहराइच से वाराणसी के लिए रवाना होगी। बहराइच के सांसद ट्रेन को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे बोर्ड ने समय सारिणी भी जारी कर दी है। ट्रेन का संचालन होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। बोर्ड की ओर से पत्र जारी होने के बाद रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं।
गोंडा से बहराइच रूट पर इस समय पैसेंजर ट्रेन तीन बार अप-डाउन कर रही है। इस रूट को आगे बढ़ाने के लिए बीते दिनों गोंडा में यार्ड का काम पूरा कर लिया गया था। यार्ड का काम पूरा होने के बाद लोगों में उम्मीद जगी थी कि अब बहराइच से वाराणसी के लिए ट्रेन का संचालन होगा, लेकिन जब इंटरसिटी का चार्ट जारी हुआ तो उसमें गोंडा से ही संचालन का आदेश जारी हुआ। इससे लोगों को काफी निराशा हुई थी। कई लोगों ने सीधे मांग की तो कुछ लोगों ने बहराइच के सांसद अक्षयवरलाल गोंड से संपर्क कर ट्रेन का संचालन बहराइच से कराने की मांग की।
जनता की मांग को देखते हुए सांसद ने दिल्ली में रेल मंत्री से मुलाकात कर ट्रेन को बहराइच से चलाने की गुजारिश की थी। इसके बाद बुधवार को रेलमंत्री ने सांसद को फोन कर सूचना दी कि 21 अगस्त से बहराइच से वाराणसी के लिए ट्रेन का संचालन किया जाएगा। ट्रेन के संचालन की सूचना मिलते ही जिलेवासियों में खुशी की लहर दौड़ उठी। हर कोई एक-दूसरे से ट्रेन चलने की जानकारी पक्की करता नजर आया। शाम को रेलवे बोर्ड ने समय सारिणी जारी कर अफवाहों पर विराम लगा दिया। अब 21 अगस्त को सांसद हरी झंडी दिखाकर ट्रेन रवाना करेंगे।
गोंडा में यार्ड का कार्य पूरा होने के बाद जब इंटरसिटी ट्रेन का संचालन हुआ तो उसमें बहराइच का नाम नहीं था। इससे नाराज सांसद ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ 22 अगस्त से धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने रेल मंत्री से मुलाकात भी की थी। इसके बाद रेल प्रशासन हरकत में आया और अब 21 अगस्त से ट्रेन के संचालन की घोषणा कर दी।
जिले के लोग लंबे समय से इंटरसिटी चलाने की मांग कर रहे थे। जनता की मांग पूरी करने के लिए मैं हमेशा प्रयासरत रहा। इस बार भी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास किया। रेलमंत्री का फोन आया था कि 21 अगस्त से बहराइच से वाराणसी के लिए ट्रेन चलेगी। जनता को बता दिया गया है। ट्रेन का संचालन होने से जनता को काफी राहत मिलेगी।
- अक्षयवरलाल गोंड, सांसद, बहराइच
समय सारिणी
बहराइच से सुबह साढ़े पांच बजे
वाराणसी से दो बजकर 10 मिनट पर