बहराइच। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को स्नातक कक्षाओं में प्रवेश देने की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू कर दी गई। पहले दिन महाविद्यालयों में काफी संख्या में छात्र-छात्राओं ने स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र लिए। इस दौरान नगर के किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय व महिला पीजी कॉलेज में प्रवेश के लिए संचालित पटलों पर भारी भीड़ देखी गई।
जिले के सबसे पुराने किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार से प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। प्रथम दिन काफी संख्या में छात्र-छात्राएं स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र लेेने महाविद्यालय पहुंचे। महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष के तहत बीकॉम में छह सौ, बीएससी में 1100 व बीए में 2200 सीटें हैं। इन पर प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी छात्र-छात्राओं को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। विद्यार्थियों की संख्या अधिक देखते हुए सीटें बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय को पत्र भेजा गया है। वहीं, दूसरी ओर महिला पीजी कॉलेज में भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। महिला पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रिया मुखर्जी ने बताया कि उनके कॉलेज में बीएससी में 80 व बीए में छह सौ सीटें हैं।