गायघाट/फखरपुर (बहराइच)। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गये। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लखीमपुर खीरी के ईशानगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय राजू अपनी 55 वर्षीय मां रमावती को लेकर यहां मोतीपुर थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी में आये थे। सोमवार देर शाम वह बाइक से वापस घर जा रहे थे। जब वह नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर पहुंचे तो तभी गिरगिट्टी के पास सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गये।
उन्हें स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां दोनों की मौत हो गई। मोतीपुर थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फखरपुर थाना क्षेत्र के मदनकोठी के पास बाइक सवार को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में रानीपुर थाना क्षेत्र के पंडित पुरवा गांव निवासी 20 वर्षीय रुबीना की मौत हो गई। पड़ोसी मरजीना व पति मोहम्मद अली गंभीर रूप से घायल हो गये।
सूचना पर पहुंचे फखरपुर थानाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तीसरी दुर्घटना फखरपुर थाना क्षेत्र में ही एक पेट्रोल पंप के पास हुई। यहां दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई जिसमें परवीन, सबीना, साबित अली व खालिदा बेगम घायल हो गईं। थानाध्यक्ष ने बताया कि सबको मरहम-पट्टी कर वापस भेज दिया गया है।