रानीपुर (बहराइच)। होलपारा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायकेवालों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल वाले करंट की चपेट में आने से मौत की बात कह रहे हैं। विवाहिता की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के होलपारा गांव निवासी 27 वर्षीय बिट्टी देवी की मौत हो गई। मायकेवालों का आरोप है कि बिट्टी की सेहत खराब थी, लेकिन दवा नहीं करवाई जा रही थी। पिछले तीन-चार साल से पति मुनीजर से विवाद चल रहा था। विवाहिता के भाई का आरोप है कि सोमवार की सुबह बहन की हत्या कर दी गई और करंट लगने का बहाना बनाया जा रहा है। घटना की सूचना पर रानीपुर थानाध्यक्ष शिवनाथ गुप्ता दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत का मामला सामने आ रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।