गायघाट (बहराइच)। गंगापुर गांव में चोरों ने चार घरों का ताला तोड़ दिया। दो घरों से नगदी व जेवर समेत 15 लाख का सामान पार कर दिया। बाकी दो घरों से सामान नहीं ले जा सके। एक ही रात में चार घरों का ताला टूटने की सूचना पर सीओ नानपारा साथ में फॉरेंसिक टीम, एसओजी व मुर्तिहा पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के गंगापुर गंाव निवासी अनिल कुमार के घर में चोरों ने घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सो रहे थे। रविवार रात चोरों ने घर में घुसकर डेढ़ लाख नगदी, सोने की 13 अंगूठी, गले का हार, सोने की चार चूड़ी, दो मांग टीके, तीन मंगलसूत्र, कान की दो बाली, 11 पायल व सोने की चार माला पार कर दीं।
चोरों ने इसी गांव के विनोद सिंह के घर में भी चोरी की। यहां से सोने का झुमका, मंगलसूत्र, सोने की दो चूड़ी, दो चेन, एक लॉकेट व एक पायल समेत अन्य सामान ले गये। गांव के ही दो और घरों का भी ताला तोड़ा, लेकिन कोई सामान नहीं ले जा सके। घटना की सूचना पर मुर्तिहा कोतवाल शशि कुमार राणा मौके पर पहुंचे। बड़ी चोरी होने पर कोतवाल ने तत्काल एसपी को सूचना दी। एसपी ने नानपारा सीओ को मौके पर भेजा। कोतवाल ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ीहाट मोहल्ला निवासी मोहम्मद अहतर के घर पर चोरों ने धावा बोल दिया। पीड़ित ने बताया कि चोर आठ हजार रुपये नगद व सोने की एक कील ले गये हैं। नगर कोतवाल शैलेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।